काराकस, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि वेनेजुएला को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताने वाले अमेरिकी फरमान के खिलाफ एक पत्र पर एक करोड़ से अधिक नागरिकों ने हस्ताक्षर किए हैं।
ओबामा ने नौ मार्च को एक फरमान पर हस्ताक्षर किए थे जिसमें लिखा था, “वेनेजुएला में स्थिति अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के लिए एक असामान्य और असाधारण खतरा बना हुआ है। इस खतरे से निपटने के लिए मैं राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा करता हूं।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, मादुरो ने पनामा शहर में ऑर्गनाइजेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट (ओएएस) का सातवां शिखर सम्मेलन शुरू होने से एक दिन पहले गुरुवार को यह घोषणा की।
मादुरो ने कहा कि शिखर सम्मेलन के दौरान कुल 1.42 करोड़ लोगों के हस्तक्षार ओबामा तक पहुंचाए जाएंगे।
पिछले कुछ महीनों में वेनेजुएला और अमेरिका के बीच संबंध बिगड़े हैं।
मादुरो ने वाशिंगटन पर आरोप लगाया कि वह उन्हें अपदस्थ करने के लिए स्थानीय विपक्ष के साथ काम रहा है। लेकिन अमेरिका ने इन आरोपों को ‘हास्यास्पद’ कहा है।
dharmpath.com dharmpath