काराकस, 15 मई (आईएएनएस)। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मडुरो ने देश में ‘सैन्य विद्रोह’ के कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति अल्वारो यूरिब की अपील को विदेशी धमकी करार देते हुए सैन्य अभ्यास के आदेश दिए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, यूरिब ने बीते दिनों एक साक्षात्कार में वेनेजुएला के सशस्त्र बलों से राज्य के खिलाफ विद्रोह छेड़ने की अपील की थी। इस वक्त कोलंबिया के सीनेटर यूरिब ने वेनेजुएला के हालात पर अपना विचार रखते हुए कहा था कि देश की सेना को मानवाधिकारों की रक्षा, राजनीतिक स्वतंत्रता के लिए अपने हथियारों का इस्तेमाल करना चाहिए, न कि तानाशाही के पक्ष में लड़ना चाहिए।
मडुरो ने इस साक्षात्कार के सप्ताहभर के भीतर शनिवार को कहा, “मैंने सैन्य अभ्यास के आदेश दिए हैं..अपनी भूमि, हमारे बच्चों, हमारे शांति के अधिकार की रक्षा के लिए तैयार रहने के आदेश दिए हैं।”
मडुरो ने कहा कि यूरिब की बातें वेनेजुएला में विदेशी हस्तक्षेप के समान हैं।
वहीं, वेनेजुएला के सशस्त्र बल ने भी शनिवार को जारी एक बयान में सरकार के प्रति अपनी निष्ठा की पुष्टि करते हुए कहा कि वे ‘वेनेजुएला को अपमानित करने तथा उकसाने के विदेशी अभियान’ की स्पष्ट तौर पर निंदा करते हैं।
dharmpath.com dharmpath