सेंट जोंस (एंटिगा), 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स का मानना है कि पाकिस्तान के साथ जारी मौजूदा टेस्ट सीरीज के परिणाम इस बात का संकेत हैं कि उनके देश में क्रिकेट बोर्ड और खिलाड़ियों के बीच का तनाव सबसे खराब स्तर तक पहुंच चुका है।
समाचार एजेंसी सीएमसी के मुताबिक टेलीविजन विश्लेषक के तौर पर मौजूदा सीरीज को कवर कर रहे रिचर्ड्स ने कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा नेतृत्व से खफा दिख रहे हैं और इसका साफ असर उनके खेल में दिख रहा है।
रिचर्ड्स ने कहा, “सब एक लिहाज से यही मानने लगे हैं कि प्रशासन पूर्ण रूप से तानाशाही हो गया है। ऐसे में कुछ खिलाड़ी इस प्रशासन की देखरेख में खेलना पसंद नहीं कर रहे हैं। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि यह सब कब तक चलेगा।”
संयुक्त अरब अमीरात में जारी मौजूदा सीरीज में कैरेबियाई टीम पाकिस्तान के खिलाफ अब तक क्रिकेट के तीनों फारमेट में आठ मैच हार चुकी है। उसे तीन-तीन एकदिवसीय और टी-20 मैचों में हार मिली है और इसके अलावा वह दो टेस्ट मैच भी हार चुकी है।
dharmpath.com dharmpath