किंग्सटन (जमैका), 12 फरवरी (आईएएनएस)। अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के अंतिम दिन से एक दिन पहले वेस्टइंडीज के तीन खिलाड़ियों ने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्लयूआईसीबी) के साथ आने वाले टी-20 विश्व कप के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर कर दिए।
समाचार एजेंसी सीएमसी के मुताबिक, डब्लयूआईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइकल मुइरहेड ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने हालांकि खिलाड़ियों के नाम बताने से इनकार कर दिया।
मुइरहेड ने भरोसा जताया है कि बाकी खिलाड़ी भी अनुबंध पर हस्ताक्षर कर देंगे।
उन्होंने कहा, “तीन खिलाड़ियों ने अनुबंध पर हस्ताक्षर कर दिए हैं जबकि एक खिलाड़ी ने चोट के चलते अपना नाम वापस ले लिया है, जिसका विकल्प तलाश किया जाएगा।”
टीम के कप्तान डैरेन सैमी और पूरी टीम ने डब्लयूआईसीबी के अनुबंध का विरोध किया था। सैमी ने एक पत्र के माध्यम से अपनी बात बोर्ड तक पहुंचाई थी।
मुइरहेड ने कहा, “मुझे भरोसा है कि बाकी खिलाड़ी भी अनुबंध पर हस्ताक्षर कर देंगे। सैमी के पत्र से ऐसा लगता है कि वह अपने लिए ही बोल रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath