वैश्विक कंपनियां उप्र में कर रहीं निवेश : अखिलेश

लखनऊ, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों एवं विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाओं के कारण ही दुनिया की जानी-मानी कंपनियां निवेश के लिए आगे आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2012 से अब तक करीब 85 हजार 524 करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हुए हैं। हाल ही में मुंबई में संपन्न निवेशक सम्मेलन में लगभग 51 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

मुख्यमंत्री 5, कालिदास मार्ग स्थित आवास पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान आइकिया इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जुवेन्सियो मायज्टू और उप्र के प्रमुख सचिव (अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास) महेश कुमार गुप्ता द्वारा एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

अखिलेश ने कहा कि परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी जरूरी स्वीकृतियों एवं अनापत्तियों को जारी करने की प्रक्रिया को राज्य सरकार ‘सिंगल विंडो क्लियरेंस प्रणाली’ के माध्यम से त्वरित एवं पारदर्शी रूप से सुगम बनाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था के फलस्वरूप राज्य के एक विकसित प्रदेश बनने की सभी संभावनाएं मौजूद हैं।

आइकिया इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पहले चरण में लखनऊ, आगरा और नोएडा में स्टोर खोले जाएंगे। इसके साथ ही, कंपनी राज्य में अपनी सप्लाई चेन को विस्तारित करते हुए दीर्घकालीन सप्लायर नेटवर्क को मजबूत करेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आइकिया इंडिया द्वारा प्रदेश में खोले जाने वाले स्टोरों से राज्य के नागरिकों को वाजिब मूल्य पर अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता एवं डिजाइन के होम फर्निशिंग उत्पाद प्राप्त करने में आसानी होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493