वॉल्श के जाने का भारतीय हॉकी पर प्रभाव नहीं : हरबिंदर

नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया के चयनकर्ता हरबिंदर सिंह ने बुधवार को कहा कि भारत के पूर्व मुख्य कोच टेरी वॉल्श के हटने का भारतीय हॉकी के भविष्य पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

दक्षिण कोरिया के इंचियोन में पिछले वर्ष हुए एशियाई खेलों में भारत को अपने मार्गदर्शन में विजेता बनाने वाले टेरी वॉल्श ने उसके बाद बेहतर करार की मांग की थी।

वॉल्श ने नए करार में टीम में निर्णय प्रक्रिया में सर्वाधिकार की मांग की थी, खासकर टीम चयन को लेकर।

हरबिंदर ने कहा, “मुझे नहीं लगता इससे कोई फर्क पड़ेगा। एक खिलाड़ी अपने पूरे करियर के दौरान अनेक प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से गुजरता है। इस दौरान वह सभी से कुछ न कुछ सीखता है और अपने खेल में सुधार करता रहता है।”

उन्होंने आगे कहा, “इसी तरह हमारी राष्ट्रीय हॉकी टीम भी इससे उबर आएगी। वॉल्श की जगह टीम का मार्गदर्शन कोई और संभाल लेगा और खिलाड़ी आगे भी अपने खेल में सुधार करते रहेंगे। हम सही दिशा में जा रहे हैं।”

हरबिंदर ने कहा, “हमने चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम के प्रदर्शन को देखा। उन्होंने गंभीर हॉकी खेली और कांस्य पर कब्जा भी कर सकते थे।”

भारत चैम्पियंस ट्रॉफी में चौथे स्थान पर रहा। तीसरे-चौथे स्थान के लिए हुए मैच में उसे आस्ट्रेलिया ने मात दी।

हरबिंदर ने यह भी कहा कि रियो ओलम्पिक-2016 के लिए दो साल पहले ही क्वालीफाई कर लेने से भी टीम को काफी फायदा हुआ है।

उन्होंने कहा, “अंतत: हम पर रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट खेलने का सिरदर्द नहीं है। इस दौरान हम विभिन्न टीम संयोजनों का चयन कर सकते हैं, जो टीम के लिए दीर्घकालिक लाभ वाले हों।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493