व्यापमं की सीबीआई जांच से कांग्रेस का मुंह बंद : भाजपा

भोपाल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने के फैसले का भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने स्वागत करते हुए कहा कि इस फैसले से कांग्रेस का मुंह हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान एवं प्रदेश संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन ने एक संयुक्त बयान में कहा, “राज्य सरकार ने व्यापमं भंडाफोड़ करके वास्तविकता पता लगाने का बीड़ा उठाया और जांच बैठाई थी, जनभावना का आदर करते हुए मुख्यमंत्री ने सर्वोच्च न्यायालय से भी सीबीआई जांच कराने का निवेदन किया जो स्वीकार हो चुका है। यह मुख्यमंत्री की जनभावना के प्रति संवेदनशीलता का सबूत है।”

उन्होंने कहा कि व्यापमं का अस्तित्व मध्यप्रदेश में पहले से था और वहां चल रही कारगुजारियों का संज्ञान मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस की जानकारी के आधार पर लिया। उसके बाद भंडाफोड़ हुआ और इसी का नतीजा है कि दोषियों पर कार्रवाई हो रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षो से कांग्रेस मुख्यमंत्री चौहान की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही है लेकिन जनता के विश्वास के आगे कांग्रेस को हमेशा मुंह की खानी पड़ी। आज व्यापमं को लेकर कांग्रेस ने जिस तरह लाशों की राजनीति की है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। सीबीआई जांच के बाद कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी। व्यापमं को लेकर जिस तरह का भ्रमित वातावरण कांग्रेस ने बनाया है वह भी छंट जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री विनोद गोटिया, प्रदेश प्रवक्ता विजेन्द्र सिंह सिसोदिया, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक विश्वास सारंग, प्रदेश महामंत्री अरविन्द भदौरिया ने सीबीआई जांच के लिए शिवराज सिंह चौहान की पहल की सराहना करते हुए अलग-अलग बयानों में कहा है कि व्यापम की जांच सीबीआई करेगी और वास्तविकता सामने आ जाएगी। कांग्रेस की प्रदेश से जमीन खिसक चुकी है इसलिए व्यापमं को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रही है जिसे प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493