गया, 8 जुलाई (आईएएनएस)। उपन्यास ‘व्हेन हेवेन फॉल्स डाउन’ के लेखक सत्यपाल चन्द्र के घर पर अज्ञात अपराधियों ने हमला करते हुए उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी है। हमलावर उपन्यास को लेकर उनके गया जिले के मलहारी गांव स्थित घर पर धमकी भरे पोस्टर भी छोड़ गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इमामगंज थाना क्षेत्र के मलहारी गांव निवासी सत्यपाल चन्द्र के घर पर दो जुलाई की रात अज्ञात हमलावर आ धमके और और उन्हें घर से बाहर निकलने को कहते रहे। इस दौरान बदमाश कुछ पोस्टर छोड़ गए।
इमामगंज के थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने बुधवार को बताया कि चन्द्र के पिताजी के बयान के आधार पर इमामगंज थाना में मंगलवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 504 और 506 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पोस्टर बरामद कर लिया है जिसमें लिखा है, ‘तुम कब तक और कहां छुपोगे, हम तुम्हें ढ़ूंढ़ निकालेंगे। इस्लामिक विरोधी पुस्तक लिखने का खामियाजा तुम्हें भुगतना पड़ेगा।’
कुछ पोस्टरों में चन्द्रा की किताब ‘व्हेन हेवन फॉल्स डाउन’ को गैर-इस्लामिक करार देते हुए चन्द्रा को गिरफ्तार करने और किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
तिवारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath