शंघाई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के विवादित टेनिस खिलाड़ी निक किर्जियोस को शंघाई मास्टर्स में जानबूझकर हारना तब और महंगा पड़ा जब एसोसिएशन ऑफ टेनिस प्रोफेशनल्स (एटीपी) ने उन पर जीत के लिए अपनी पूरी कोशिश न करने के कारण 16,500 डॉलर का जुर्माना लगा दिया।
एटीपी ने गुरुवार को किर्जियोस पर जुर्माना लगाए जाने की घोषणा की।
एटीपी ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि 14वीं विश्व वरीयता प्राप्त आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पर ‘जानबूझकर अपना सर्वश्रेष्ठ न देने’ के लिए 10,000 डॉलर का जुर्माना लगाया जाता है।
इसके अलावा किर्जियोस पर एक दर्शक के लिए अपशब्द का प्रयोग करने पर 5,000 डॉलर और गैर-पेशेवराना रवैया दिखाने के लिए 1,500 डॉलर का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया गया।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, किर्जियोस को जर्मनी के मिसा ज्वेरेव ने बुधवार को दूसरे दौर के मुकाबले में हराया।
मैच के दौरान स्पष्ट नजर आया कि किर्जियोस जानबूझकर हारे। उन्होंने जीतने के लिए न तो कोई प्रयास किया और न ही उन्होंने कोर्ट पर गेंद के पीछे जाने की खास जहमत उठाई।
मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन के दौरान भी किर्जियोस ने अपनी हरकत के लिए माफी नहीं मांगी और लापरवाही भरी प्रतिक्रियाएं दीं।
dharmpath.com dharmpath