रेक्जाविक (आइसलैंड), 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला शतरंज खिलाड़ी ग्रैंड मास्टर हरिका द्रोणावल्ली ने रेक्जाविक ओपन में तुर्की के मुस्तफा यिलमाज के खिलाफ ड्रॉ खेला है।
हारिका के पास इस टूर्नामेंट के शीर्ष पांच खिलाड़ियों में पहुंचने का बेहतरीन मौका था लेकिन वह इसे भुना नहीं पाईं।
भारतीय खिलाड़ी मुस्तफा के किले को भेद नहीं पाईं और समय की कमी के चलते दोनों खिलाड़ियों ने अंक बांटने पर सहमति जता दी।
हरिका ने एक बयान में कहा, “यह काफी मुश्किल मैच था। हालांकि मैं अच्छी स्थिति में थी लेकिन मैंने मुस्तफा से ज्यादा समय लिया और शुरुआती दौर में पीछे रह गई।”
उन्होंने कहा, “मेरे प्यादों की बिसात पर स्थिति मजबूत थी, लेकिन राजा पर हमले के लिए थोड़ी जगह दे दी। मैं अच्छी स्थिति में थी उसके बाद भी मैंने ड्रॉ की पेशकश की जिसे मेरे विपक्षी ने मान लिया। मुझे इसका कोई पछतावा नहीं है क्योंकि मैंने अच्छा खेल खेला।”
इस टूर्नामेंट में 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी के हिस्से अभी तक पांच जीत, दो ड्रॉ, और एक हार आई है। वह कुल छह अंकों से साथ 15वें स्थान पर हैं।
अगले दौर में वह नीदरलैंड्स के ग्रैंड मास्टर इरविन एल अमी से भिड़ेंगी।
dharmpath.com dharmpath