पेरिस, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पेरिस में साल 2015 में व्यंग्य पत्रिका शार्ली हेब्दो के कार्यालयों तथा सुपरमार्केट में किए गए भीषण हमलों के हमलावरों को हथियार मुहैया कराने वाले 10 संदिग्धों को फ्रांस तथा बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है।
पेरिस के अभियोजन कार्यालय ने कहा कि संदिग्धों को हिरासत में लेने के लिए सोमवार को पुलिस ने एक अभियान शुरू किया, जो बुधवार सुबह तक चला, और अब तक 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सात जनवरी, 2015 को किए गए हमलों में इस्तेमाल में लाए गए हथियारों की जांच के तहत अभियान को अंजाम दिया गया। शेरिफ तथा उसके भाई सईद कौची ने शार्ली हेब्दो साप्ताहिक समाचार पत्र के कार्यालयों पर हमला कर 12 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था।
शार्ली हेब्दो हमले के दो दिन बाद सुरक्षा बलों के हाथों मारे जाने से पहले कौची भाइयों के एक मित्र एमेडी कौलीबाली ने पेरिस स्थित कोशर सुपरमार्केट में चार लोगों को मार डाला था।
फ्रांस की मीडिया के मुताबिक, जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे कथित तौर पर कौलीबाली को हथियार मुहैया कराने में शामिल हैं।
फ्रेंच समाचार चैनल बीएफएमटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलों में इस्तेमाल में लाए गए हथियारों की जांच के दौरान पुलिस पहले ही क्लाउड हरमैंट तक पहुंच चुकी थी, जो एक पूर्व सैनिक है और दक्षिणपंथियों से उसके गहरे संपर्क हैं। उसने पूछताछ के दौरान मामले में कई नई जानकारियां दी हैं।
दर्ज मामले के मुताबिक, हरमैंट तथा उसकी पत्नी ने एक स्लोवाकियाई कंपनी से चार तोकारेव पिस्तौल तथा दो एके 47 राइफलें खरीदी थीं और यही हथियार सुपरमार्केट में हमले के वक्त कौलीबाली के पास थे।
dharmpath.com dharmpath