मास्को, 13 मई (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी पुरुष शतरंज खिलाड़ी ग्रैंड मास्टर पेंटाला हरिकृष्ण ने ग्रांप्री. शतरंज सीरीज के पहले दौर में नॉर्वे के जोन वुडविग के खिलाफ ड्रॉ खेला है।
16वीं विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी ने खुद से कम रैंकिंग वाले खिलाड़ी के सामने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन कुछ गलतियों का उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा।
सफेद मोहरों से खेल रहे हरिकृष्ण ने मैच के बाद कहा, “मैंने एक चाल गलत चली जिसके चलते विपक्षी मेरा ऊंट लेने में सफल रहे। यहीं से मुझे ड्रॉ के लिए खेलना पड़ा।”
हैदराबाद के हरिकृष्ण ने शुरू में की गई गलती से उबरते हुए कड़ा मुकाबला किया और 93 चालों तक मैच खींच ले गए।
उन्होंने कहा, “जोन को मैच जीतना चाहिए था, लेकिन मैं खुश हूं कि मैंने कड़ा मुकाबला करते हुए मैच ड्रॉ करा लिया।”
हरिकृष्ण मास्को फीडे ग्रांप्री. में पहली बार खेल रहे हैं। उनकी नजरें 2018 में होने वाले टूर्नामेंट में जगह बनाने पर होंगी।
dharmpath.com dharmpath