मुंबई, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। अभिनेत्री शबाना आजमी ने खुलासा किया कि अनिल कपूर ने उनसे आग्रह किया था कि वह उनकी बेटी सोनम कपूर को अभिनेत्री न बनने की सलाह दें, लेकिन इसके उलट उन्होंने सोनम को पेशे को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शबाना ने गुरुवार को आगामी फिल्म ‘नीरजा’ के ट्रेलर लांच पर यह खुलासा किया।
अभिनेत्री ने कहा, “अनिल ने सोनम को मेरे पास भेजा और कहा कि यह लड़की अभिनेत्री बनना चाहती है। इसे ऐसा न करने के लिए समझाइए। वह पढ़ने में बहुत अच्छी थी, इसलिए मैंने उनसे कहा कि वह जाएं और लंदन स्कूल ऑफ इकोनोमिक्स से पढ़ाई करें। जब वह लौटीं तो उन्होंने फिर कहा कि वह अभिनेत्री बनना चाहती हैं, इस पर मैंने कहा कि आगे बढ़ो, मैं हर कदम पर तुम्हारे साथ हूं।”
शबाना ने बताया, “जब सोनम की मां सुनीती ने कहा कि वह चाहती हैं कि सोनम नृत्य करें, तो मैंने उसे कथक शिक्षक से मिलवाया। मेरे लिए सोनम मेरी बेटी की तरह है।”
राम माधवानी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘नीरजा’ में शबाना, मुख्य किरदार नीरजा की मां रमा भनोट की भूमिका में हैं।
नीरजा भनोट एक एयर होस्टेस थीं। उन्होंने 1986 में कराची से अगवा विमान में फंसे 359 लोगों को बचाते हुए अपनी जान दे दी। उन्हें भारत सरकार द्वार मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया।
रमा भनोट से मिल चुकीं शबाना ने कहा, “मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे रमा से मिलने का मौका मिला। हमारे बीच एक रिश्ता बना और कहीं न कहीं हम अब भी जुड़े हुए हैं। रमा बड़े दिल की इंसान हैं।”
dharmpath.com dharmpath