शरजाह, 2 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ शरजाह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन सोमवार को इंग्लैंड ने पहली पारी में चार विकेट पर 222 रन बना लिए हैं, हालांकि पहली पारी के आधार पर वे अभी भी 12 रन पीछे हैं।
दिन का खेल खत्म होने तक जेम्स टेलर 74 और जॉनी बेयरस्टो 37 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पूरे दिन बड़ी साझेदारियों के लिए परेशान इंग्लिश टीम के दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
पहले दिन कप्तान एलिस्टर कुक (49) के साथ नाबाद लौटे मोइन अली (14) जल्द ही 19 के कुल योग पर पवेलियन लौट गए। शोएब मलिक की गेंद पर यूनिस खान ने उनका कैच लिया।
इसके बाद कप्तान कुक ने इयान बेल (40) के साथ दूसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की और पहले सत्र में फिर कोई नुकसान नहीं होने दिया। हालांकि दूसरा सत्र शुरू होने के कुछ ही देर बाद कुक यासिर शाह को अपना विकेट दे बैठे और एक रन से अर्धशतक से चूक गए।
इंग्लैंड के स्पिन विशेषज्ञ बल्लेबाज जोए रूट (4) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और तेज गेंदबाज राहत अली की गेंद पर विकेट के पीछे सरफराज अहमद के हाथों लपक लिए गए।
बेल ने इसके बाद जेम्स टेलर के साथ 42 रनों की साझेदारी कर टीम को स्थिरता प्रदान करने की पूरी कोशिश की, लेकिन तीसरे सत्र के दूसरे ही ओवर में वह यासिर शाह के दूसरे शिकार हो पवेलियन लौट गए।
टेलर और बेयरस्टो ने हालांकि इसके बाद इंग्लैंड को कोई नुकसान नहीं होने दिया।
पाकिस्तान ने कप्तान मिस्बाह उल हक (71) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पहली पारी में 234 रन बनाए हैं। मिस्बाह के अलावा मलिक (38), यूनिस (31) और सरफराज (39) ने छोटी-छोटी पारियां खेलीं।
तीन मैचों की श्रृंखला का यह आखिरी मैच है और पाकिस्तान दुबई में हुआ दूसरा मैच जीतकर 1-0 से आगे है। अबु धाबी में हुआ पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।
dharmpath.com dharmpath