शाहीन बाग में युवक ने की गोलीबारी, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)| नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शन का केंद्र बने शाहीन बाग में शनिवार शाम एक युवक ने गोलीबारी की, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी पैदा हो गई। वहां मौजूद पुलिस ने हालांकि गोली चलाने वाले युवक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।

शाहीन बाग में गोलीबारी की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इसके दो दिन पहले गुरुवार को जामिया के छात्रों द्वारा निकाले जा रहे एक मार्च पर एक किशोर ने गोली चला दी थी, जिसमें जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का एक छात्र घायल हो गया था।

गोलीबारी की यह घटना शाहीन बाग में उस स्थान से चंद फर्लांग दूर पर हुई, जहां डेढ़ महीने से सीएए विरोधी धरना जारी है। शनिवार की इस घटना के बाद धरने पर बैठे लोगों में गुस्सा भड़क गया। लोगों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “फायरिंग हवा में की गई थी। तीन गोलियां चलाई गई थीं। गोली चलाने वाला युवक पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा गांव का रहने वाला है। आरोपी का नाम कपिल है।”

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, “आरोपी कार से उस स्थान पर पहुंचा था जहां ट्रैफिक रोकने के लिए पुलिस तैनात है। पुलिस ने बैरीकेट लगा रखे हैं। वहीं पर युवक उतरा और उसने हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं।”

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493