शाह की बैठक के लिए अनुमति नहीं दी गई थी : अधिकारी

पणजी, 3 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा के डाबोलिम हवाईअड्डे के निदेशक बी.सी. नेगी ने सोमवार को कहा कि हवाईअड्डा परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह के सम्मान में भाजपा की रैली के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव गिरीश चोडनकर की अगुवाई में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने नेगी का घेराव किया, जिसके बाद नेगी ने कहा, “कोई इजाजत नहीं दी गई थी.. मैं इसकी जांच करूंगा।”

चोडनकर ने इस पर स्पष्टीकरण मांगा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शनिवार को डाबोलिम अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा परिसर में पार्टी बैठक आयोजित करने की अनुमति कैसे दी गई। डाबोलिम पणजी से 40 किमी दूर है। इस बैठक में भाजपा के लगभग 2,500 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया था।

एक स्थानीय वकील ने शाह के खिलाफ रविवार को एक शिकायत दर्ज काराई थी। इसमें कथित तौर पर बिना इजाजत के बैठक करने का आरोप लगाया गया था।

चोडनकर ने हवाईअड्डा निदेशक के कार्यालय पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया। चोडनकर ने कहा कि हवाईअड्डा जैसे एक संवेदनशील जगह पर बैठक का आयोजन भाजपा के सत्ता के दुरुपयोग को साफ तौर पर दिखाता है।

उन्होंने कहा, “अब हवाईअड्डा निदेशक ने कह दिया है कि पार्टी को हवाईअड्डे पर बैठक के लिए कोई इजाजत नहीं दी गई थी। ऐसे में भाजपा व शाह के खिलाफ संवेदनशील जगह पर कार्यक्रम अयोजित करने की जुर्रत को लेकर कार्रवाई की जानी चाहिए।”

चोडनकर ने प्रदर्शन के बाद संवाददाताओं से कहा, “यह साफ तौर पर सत्ता का दुरुपयोग है।”

गोवा के भाजपा अध्यक्ष विनय तेंदुलकर इस मामले पर शाम तक बयान जारी कर सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493