शिंदे-अंबेडकर की ‘चाय पर चर्चा’ से कयासों को हवा

सोलापुर (महाराष्ट्र), 13 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे और वीबीए-एआईएमआईएम नेता प्रकाश अंबेडकर की यहां शनिवार सुबह अचानक हुई मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

प्रचार अभियान में एक-दूसरे पर हमलावर दोनों नेता यहां एक होटल सर्वोदय में कुछ देर के लिए नाश्ता करते और चाय की चुस्की लेते एकसाथ दिखे।

अंबेडकर के साथ स्थानीय नेता आनंद चंदनशिवे और बाला वाघमारे थे, जबकि शिंदे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल से मुलाकात करने होटल गए थे।

अंबेडकर व अन्य को देखकर, शिंदे ने उनका गर्मजोशी से अभिवादन किया और चुनाव के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी। ऐसी ही प्रतिक्रिया अंबेडकर ने भी दी।

एक-दूसरे के साथ दोनों नेताओं की यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद वीबीए और कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर कयासों की लपटों को बुझाने की कोशिश करनी पड़ी।

कांग्रेस के एक नेता ने आईएएनएस से कहा, “ऐसा कभी-कभी होता है..कुछ भी पूर्वनियोजित नहीं था और दोनों नेताओं ने सामान्य शिष्टाचार का आदान-प्रदान किया।”

वीबीए-एआईएमआईए गठबंधन के उपाध्यक्ष विजय मोरे ने आईएएनएस से कहा, “वे राजनीतिक दुश्मन नहीं है, बस एक प्रतिद्वंद्वी हैं, तो इसमें क्या गलत है कि वे मिले और चाय पी..भाजपा के साथ हमारी राजनीतिक लड़ाई काफी गंभीर है।”

बाद में वीबीए-एआईएमआईएम ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक संदेश जारी कर कहा, “अंबेडकर-शिंदे के बीच बैठक अचानक हुई, भीम सैनिकों को इस बारे में गलत अंदाजा नहीं लगाना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493