वाशिंगटन, 6 अगस्त (आईएएनएस)। शिकागो की पुलिस ने शुक्रवार को उस क्षण का एक वीडियो जारी किया, जब 28 जुलाई को एक निहत्थे अफ्रीकी अमेरिकी किशोर की पुलिस अधिकारियों ने मार डाला था। मीडिया को यह जानकारी शनिवार को दी गई।
एफे न्यूज की खबर के अनुसार, ये फुटेज उन कैमरों द्वारा लिए गए हैं जो उन पुलिस अधिकारियों की वर्दी में लगे थे। लेकिन जिस वजह से उसकी मौत हुई, वह दर्ज नहीं है क्योंकि रिकार्डर में खराबी आ गई थी या वह बंद हो गया था।
जब इस वीडियो की रिकार्डिग शुरू हुई थी, तब पॉल ओ’नील (18) ने एक वाहन चुराया था और भागने की कोशिश की थी।
वीडियो में दो अधिकारी नजर आते हैं और ओ’नील द्वारा चुराए गए वाहन पर अपनी पिस्तौल से गोली चलाते हैं। वीडियो में दिखता है कि पुलिस की एक दूसरी कार से टकराने के बाद गाड़ी रुक जाती है। उसके बाद उस वाहन से ओ’नील बाहर निकलता है और पीछे एक घर की ओर भागता है। तब कई पुलिस अधिकारी उसका पीछा करते हैं। उनमें से एक उसकी पीठ में गोली मारता है।
वीडियो में तब दिखाई देता है कि एक अधिकारी चिल्लाता है- ‘अपने हाथ पीछे करो।’ ‘तुमने हम लोगों को निशाना बनाया है।’ वह ओ’नील को भला-बुरा कहते हुए उसकी गर्दन जमीन पर धकेलता है। ओ’नील का खून बह रहा होता है और उसकी मौत हो जाती है।
इस घटना के बाद शिकागो पुलिस ने अपने तीन अधिकारियों को प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने को लेकर निलंबित कर दिया है।
शिकागों के पुलिस अधीक्षक ईडी जॉनसन ने वादा किया है कि यदि ये अधिकारी अनुचित ढंग से कार्य करने के दोषी पाए गए तो इन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा।
ओ’नील के वकील माइकल ओपेनहीमर ने इस घटना को नृशंस हत्या करार दिया है और पुलिस अधिकारियों पर कानून अपने हाथ में लेने का आरोप लगाया है।
ओ’नील की मौत से शहर में उत्तेजना फैल गई थी। यह शहर पहले से ही पुलिस के हाथों अश्वेत लोगों की हत्या के मामलों से प्रभावित है। पुलिस अक्सर अधिक बल प्रयोग करती है।
सबसे कुख्यात मामल वर्ष 2014 के अक्टूबर का है, जब 17 वर्षीय लाक्वोन मैकडोनाल्ड की एक पुलिस अधिकारी वान डाइक ने गोली मारकार हत्या कर दी थी। वान पर हत्या का आरोप लगा।
dharmpath.com dharmpath