सियोल, 5 सितम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधियों के एक समूह ने आगामी अंतर-कोरियाई शिखर सम्मेलन की तैयारियों और अमेरिका व उत्तर कोरिया के बीच बाधित वार्ता को फिर से शुरू कराने के लिए बुधवार को प्योंगयांग का दौरा किया।
समाचार एजेंसी एफे की खबर के मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा कार्यालय के प्रमुख चुंग ईयूई-योंग के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन के पत्र को उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन को सौंपेगा।
इस दौरे का मूल उद्देश्य किम-मून के अगले शिखर सम्मेलन के लिए तिथि को तय करना है। अगला सम्मेलन प्योंगयांग में सितंबर में निर्धारित है।
चुंग ने कहा, “प्रतिनिधिमंडल अप्रैल में हुए अंतर-कोरियाई शिखर सम्मेलन में हस्ताक्षरित पानमुनजोम घोषणापत्र को लागू करने के तरीकों पर भी चर्चा करेगा। सम्मेलन में दोनों नेताओं ने प्रायद्वीप को पूर्ण रूप से परमाणुमुक्त करने का संकल्प लिया था।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मंगलवार को फोन पर बातचीत के दौरान मून ने ट्रंप को आश्वस्त किया था कि वह बुधवार को होने वाली बैठक के परिणामों से वाशिंगटन को अवगत कराएंगे।
dharmpath.com dharmpath