शिमला नगर निगम चुनाव में 30 फीसदी मतदान

शिमला, 16 जून (आईएएनएस)। शिमला नगर निगम की 34 सीटों के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान में 30 फीसदी से अधिक मतदान की खबर है।

एक निर्वाचन अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुचारु ढंग से जारी है। अपराह्न एक बजे तक 30 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है।”

शुरू में मतदान की गति काफी धीमी रही और पहले एक घंटे के दौरान मात्र पांच फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो सुबह 10 बजे बढ़कर 15 फीसदी हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही मतदान में तेजी देखी जा रही है।

मतदान में पुरुषों की तुलना में महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।

50 महिलाओं सहित कुल 126 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है, लेकिन उम्मीदवार पार्टी के चुनाव चिन्ह् पर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।

इस बार मतदाता केवल पार्षदों का चयन करेंगे, जबकि मई 2012 में हुए अंतिम चुनाव में उन्होंने महापौर तथा उपमहापौर का भी निर्वाचन किया था। जिस पार्टी के सबसे ज्यादा पार्षद जीतेंगे, वे महापौर तथा उपमहापौर पद के लिए आंतरिक रूप से चुनाव कराएंगे।

कुल 34 पार्षदों के निर्वाचन के लिए 91,000 से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं।

भाजपा ने 34 उम्मीदवारों का समर्थन किया है, जबकि कांग्रेस ने 24, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 21 उम्मीदवारों का समर्थन किया है। माकपा छह निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन कर रही है।

मतगणना शनिवार को होगी।

साल 2012 में माकपा ने केवल तीन पार्षदों की बदौलत 25 सदस्यीय सदन में शासन किया था। अधिकांश पार्षद कांग्रेस से थे।

कांग्रेस 26 वर्षो तक निगम पर काबिज रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493