शिमला में बर्फबारी से वैलेंटाइन का मजा दोगुना

शिमला, 13 फरवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और उसके आसपास के पर्यटन स्थलों पर हो रहे हिमपात ने जोड़ों के लिए वैलेंटाइन डे का उत्साह दोगुना कर दिया है।

शिमला और आसपास के पर्यटन स्थल कुफरी, फागू और नरकंडा में बर्फबारी हो रही है, जिस वजह से यहां पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है।

नवविवाहित पारुल और रंजन ने बताया, “हमने पहली बार हिमपात देखा है। यह बहुत मजेदार और रोमांचक है।”

क्लार्क होटल के मैनेजर डी.पी. भाटिया ने आईएनएस को बताया, “हवा में पहले से प्यार फैला हुआ है और हम इस प्यार के दिन पर पर्यटकों की भीड़ का इंतजार कर रहे हैं।”

मौसम विभाग का कहना है कि पूरे राज्य में बारिश और बर्फबारी रविवार तक जारी रहेगी।

राज्य के निचले इलाकों -धर्मशाला, सोलन, नाहन और मंडी- में मध्यम बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

लाहौल-स्पीति जिले का केलांग शून्य से नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा शहर है।

शिमला और मनाली में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस और 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शिमला से 250 किलोमीटर दूर कल्पा में रात का तापमान शून्य से नीचे एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि धर्मशाला में तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

बर्फबारी की वजह से आतिथ्य उद्योग के सदस्यों को इस सप्ताह के अंत तक पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, शिमला की यह बर्फीली प्राकृतिक छंटा केवल एक-दो दिनों तक ही रहेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493