भोपाल, 1 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पांच दिवसीय अमेरिका यात्रा पूरी कर तीन सितंबर को स्वदेश लौट आएंगे। वह अमेरिकी कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करने के मकसद से 28 अगस्त से ही अमेरिका प्रवास पर हैं।
जनसंपर्क विभाग द्वारा गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मुख्यमंत्री चौहान अमेरिका से तीन सितंबर को अपराह्न् 2.25 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और उसी दिन दिल्ली से रवाना होकर अपराह्न् 4़ 30 बजे भोपाल आएंगे।
चौहान ने अमेरिका प्रवास के दौरान न्यूयार्क में आतंकी हमलों में प्राण गंवाने वाले नागरिकों की स्मृति में बने स्मारक और संग्रहालय का अवलोकन भी किया। उन्होंने 11 सितंबर, 2001 की घटना में मारे गए भाई-बहनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि दूसरों की सेवा में जीवन का बलिदान करने वालो का स्मरण करते हुए उनका हृदय गर्व से भर जाता है।
उन्होंने स्मारक और संग्रहालय के भ्रमण को अपने लिए यात्रा के अत्यंत भावनात्मक क्षण बताया। उन्होंने 11 सितंबर, 2001 के आतंकी हमले की घटना को आधुनिक इतिहास की अकल्पनीय अमानवीय आतंकवादी गतिविधि बताया है। उन्होंने कहा कि न्यूयार्क वासियों ने हमले का जिस सहनशीलता और साहस के साथ सामना किया, वह दुनिया के लिए प्रेरणादायी है।
dharmpath.com dharmpath