शिवराज के विधानसभा क्षेत्र से भोपाल तक पदयात्रा करेगी एकता परिषद

भोपाल, 23 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार भले ही भूमिहीन और आवासहीनों को बेहतर सुविधाएं देने का दावा करती है, पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में वनभूमि और आवास के 10 हजार से ज्यादा आवेदन लंबित हैं। इस समस्या के समाधान के लिए एकता परिषद ने 19 फरवरी को बुधनी से भोपाल तक पदयात्रा करने का फैसला किया है।

पिछले दिनों एकता परिषद ने सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के सलकनपुर में तीन दिवसीय युवा शिविर का आयोजन किया था। इस शिविर में आए लोगों ने बताया कि उन लोगों ने वन भूमि और आवास के लिए आवदेन किए हैं, पर अब तक उन्हें अधिकार पत्र नहीं मिले हैं।

एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रनसिंह परमार ने आईएएनएस को बताया कि इस शिविर में आए युवाओं से पता चला कि मुख्यमंत्री चौहान के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में वनभूमि व आवास के लिए 10,000 से अधिक आवेदन लंबित हैं, मगर अब तक प्रशासन की ओर से कोई सक्रियता नहीं दिखाई गई है।

परमार ने सोमवार को कहा कि पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री आवास एवं वनभूमि के पट्टे बांट रहे हैं, लेकिन आश्चर्यजनक है कि इस मामले में उनका अपना विधानसभा क्षेत्र बुधनी उपेक्षित है। पिछले तीन साल में एकता परिषद ने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री को कई पत्र लिखे, पर अब तक कोई जवाब नहीं मिला।

एकता परिषद के राष्ट्रीय समन्वयक अनीश कुमार ने बताया कि युवा शिविर में बुधनी से भोपाल पदयात्रा निकालने का निर्णय किया गया, जिसका नेतृत्व परिषद के संस्थापक डॉ. पी. वी. राजगोपाल करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493