भोपाल, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने कार्यकाल के 10 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर पत्रकारों को चाय पर (हाई-टी) पर बुलाया। लेकिन इस दौरान उन्होंने कोई चर्चा नहीं की।
गौरतलब है कि शिवराज 29 नवंबर को मुख्यमंत्री के रूप में 10 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार शाम अपने श्यामला हिल्स स्थित आवास पर पत्रकारों के लिए आधिकारिक रूप से चाय पार्टी (हाई-टी) आयोजित की। पत्रकारों को इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की भी उम्मीद थी, लेकिन सभी को निराशा हाथ लगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं की। कुछ पत्रकारों ने हालांकि उनसे अलग-अलग सवाल किए, मगर शिवराज सभी सवालों को टाल गए।
चाय पार्टी में राजधानी के सभी प्रमुख समाचार पत्रों और समाचार चैनलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान चौहान अलबत्ता सभी टेबलों पर जाकर पत्रकारों से एक-एक कर मुलाकात की।
dharmpath.com dharmpath