शिवराज ने चीन दौरे में गिनाईं मप्र में उद्योगों के लिए सुविधाएं

भोपाल, 23 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी चीन यात्रा के दौरान गुरुवार को चीन के प्रमुखतम उद्योग समूहों और कंपनियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश में उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जिक्र किया और बताया कि राज्य में 25 हजार हेक्टेयर का भूमि बैंक बनाया गया है।

राज्य के जनसंपर्क विभाग द्वारा चौहान के दौरे को लेकर जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को कहा है कि मध्यप्रदेश में नये उद्योगों की स्थापना के लिये 25 हजार हेक्टेयर भूमि का बैंक बनाया गया है। इसमें से 9000 हेक्टेयर क्षेत्र पूरी तरह विकसित और उद्योगों की स्थापना के लिए सुविधायुक्त है। भूमि का चयन अनलाइन जियोग्राफिकल इन्फार्मेशन सिस्टम के माध्यम से किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं के प्रति चीन की निवेशक कंपनियों के उत्साह को देखते हुए चौहान ने अपनी पूर्व निर्धारित यात्रा एक दिन बढ़ाकर 24 जून को औद्योगिक शहर शेनजेन में उद्योगपतियों से मुलाकात का कार्यक्रम रखा है।

चौहान ने ग्वांगजाउ में बिजनेस सेमिनार में डाली फूड कंपनी तथा ओप्पो कपंनी के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने मध्यप्रदेश में निवेश करने के विचार का स्वागत करते हुए कहा निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग मिलेगा। विकास और रोजगार सृजन के लिए निवेश को जरूरी बताते हुए चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिए जरूरी सभी अधोसंरचनाएं मजबूत कर ली गई हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, डाली फूड कंपनी मध्यप्रदेश में निर्माण इकाई स्थापित करने की इच्छुक है। ओप्पो कपंनी ने भी मध्यप्रदेश में हेंडसेट निर्माण में दिलचस्पी दिखाई है। मुख्यमंत्री ने डाली फूड कंपनी के विदेश व्यापार प्रमुख ली यीन से निवेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने ओप्पो मोबाइल के उपाध्यक्ष झू गैओलिंग से भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने दोनों कंपनियों को मध्यप्रदेश के औद्योगिक वातावरण और अधोसंरचनाओं को देखने आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने इंदौर में होने वाले वैश्विक निवेश सम्मेलन में भाग लेने के लिए भी आमंत्रण दिया।

चौहान ने चीन की प्रमुख निवेश कंपनी कंट्री गार्डन होल्डिंग के समूह उपाध्यक्ष झिडून वांग से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने ग्वांगडो इलेक्ट्रिकल चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493