सीहोर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सीहोर जिले के ग्राम चकल्दी में आयोजित कार्यक्रम में रामीबाई तथा केवलीबाई को चप्पल पहनाकर और साड़ी वितरित कर पूरे जिले के तेंदूपत्ता संग्राहकों को जूता-चप्पल वितरण अभियान की शुरुआत की। इस जिले में 15 तेन्दूपत्ता संग्रहण समितियां हैं और 48 हजार से अधिक संग्राहक हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सर्वागीण विकास तभी संभव है जब सभी सामूहिक जिम्मेदारी की भावना से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रकृति प्रदत्त संसाधनों पर सभी का अधिकार है। जो लोग इसका लाभ लेने से वंचित रहे हैं, ऐसे सभी वर्ग के लोगों को आगे आने में सरकार मदद कर रही है।
चौहान ने आगे कहा कि सरकार ने असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के पंजीयन का कार्य करवाया है। ढाई एकड़ तक की जोत वाले किसानों को भी असंगठित श्रमिक माना गया है। पंजीयन का काम पूरा होने पर पात्र श्रमिकों को सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी चार वर्षो में प्रदेश में सभी पात्र आवासहीनों को पक्के घर उपलब्ध करवाए जाएंगे। राज्य सरकार गरीबों को मकान के लिए जमीन और पानी, बिजली जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
लघु वनोपज संघ द्वारा आयोजित समारोह में दो करोड़ 72 लाख की राशि तेन्दूपत्ता संग्राहकों के खातों में ई-ट्रांसफर की गई।
dharmpath.com dharmpath