शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन : भाजपा

भोपाल, 30 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में हुए विस्तार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने क्षेत्रीय अैार सामाजिक समीकरण में संतुलन वाला बताया है।

गुरुवार को नौ मंत्रियों ने शपथ ली है, जिनमें चार कैबिनेट और पांच राज्यमंत्री हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे ने मंत्रिमंडल विस्तार पर कहा कि इस विस्तार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी नेतृत्व की प्रदेश में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण में संतुलन लाने की कुशलता परिलक्षित हुई है। आशा है कि मंत्रिपरिषद के विस्तार से पार्टी जन आकांक्षाओं को प्रामाणिकता के साथ पूर्ण करने में सफल होगी।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने उम्मीद जताई है कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवकों की सेवा में शासन और प्रशासन के प्रति नया विश्वास जगाने में मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में उनकी टीम कामयाब होगी। प्रदेश की जनता को सामाजिक न्याय और सुरक्षा देना सर्वोपरि दायित्व है। आने वाला समय हमारे कृतित्व को वास्तविकता की कसौटी पर कसेगा।

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने आशा व्यक्त की है कि मंत्रिपरिषद के सदस्य मिशन 2018 के अनुरूप प्रदेश में चौथी बार शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार का गठन करने और वर्ष 2019 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनाने का मिशन लेकर शिद्दत के साथ अपने कर्तव्य पालन में जुटेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा, “हमारे सामने युवा वर्ग के सपने साकार करने की चुनौती है। प्रदेश में कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाना है। आने वाले दिनों में सभी प्रयास इसी दिशा में केंद्रित करने होंगे, तभी जन-जन की आकांक्षाएं पूर्ण करने में सफल होंगे।”

प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत को उम्मीद है कि प्रदेश के सामयिक विकास एवं समृद्धि के लिए नवनियुक्त मंत्री पूर्ण श्रद्धा एवं निष्ठा से कार्य करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493