भोपाल, 8 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सिंगापुर की यात्रा के दौरान ली क्वोन यू एक्सचेंज फेलोशिप से सम्मानित किया जाएगा। चौहान यह अवार्ड प्राप्त करने वाले चौथे भारतीय होंगे।
आधिकारिक तौर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री चौहान को यह सम्मान सिंगापुर की 12 से 15 जनवरी की चार दिवसीय यात्रा के दौरान 13 जनवरी को प्रदान किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि चौहान यह सम्मान पाने वाले चौथे भारतीय हैं। इसके पूर्व यह फेलोशिप भारत के योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, पूर्व केन्द्रीय विनिवेश मंत्री अरुण शौरी, अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.चन्द्रबाबू नायडू को प्रदान की गई थी।
बयान के अनुसार, ली क्वोन यू एक्सचेंज फेलोशिप की स्थापना वर्ष 1991 में की गई थी। यह फेलोशिप संबधित व्यक्ति को अपने राष्ट्र के विकास में योगदान के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए दी जाती है। अब तक इस प्रतिष्ठित अवार्ड से विभिन्न देश के 45 लोगों को सम्मानित किया गया है।
dharmpath.com dharmpath