शिव सेना के महादेश्वर चुने गए मुंबई के मेयर

मुंबई, 8 मार्च (आईएएनएस)। शिवसेना के वरिष्ठ नेता प्रधानाचार्य रह चुके विश्वनाथ पी. महादेश्वर को बुधवार को देश के सबसे अधिक बजट वाले नगर निमग बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) का मेयर चुन लिया गया।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

56 वर्षीय महादेश्वर बांद्रा वार्ड से तीन बार बीएमसी के पार्षद चुने जा चुके हैं।

महादेश्वर की नियुक्ति के साथ ही शिवसेना ने लगातार पांचवीं बार बीएमसी मेयर पद पर कब्जा बरकरार रखा है।

राजे संभाजी विद्यालय और सांताक्रूज (पूर्वी) में स्थित जूनियर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य महादेश्वर को मेयर पद के चुनाव में आसान जीत हासिल हुई, क्योंकि शिवसेना की राज्य सरकार में घटक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके पक्ष में मतदान किया।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के सात पार्षदों ने मतदान नहीं किया।

मतदान के दौरान पूर्व मेयर स्नेहल आंबेकर, नगर निगम आयुक्त अजय मेहता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नेता उपस्थित थे।

मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव से चार दिन पहले बीएमसी चुनाव में मात्र दो सीट के अंतर से दूसरे स्थान पर रही भाजपा ने खुद को चुनाव से अलग कर लिया था। भाजपा ने कहा है कि वह बीएमसी में किसी भी तरह का पद नहीं लेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493