मुंबई, 20 जून (आईएएनएस)। बहुचर्चित शीना बोरा हत्याकांड में सीबीआई की एक अदालत ने सोमवार को इस मामले के एक प्रमुख आरोपी ड्राइवर श्यामवर राय को माफी दे दी। साथ ही उसे सरकारी गवाह बन जाने की इजाजत भी दे दी। यह घटनाक्रम इस मामले में नया मोड़ ला सकता है।
विशेष न्यायाधीश एच.एस. महाजन ने क्षमादान देते हुए राय को पूरे मामले की सच्चाई बताने को कहा।
जब राय ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाया तो न्यायाधीश ने कहा, “तुम क्या जानते हो, क्या हुआ, तुमने और दूसरे लोगों ने क्या किया, ये सब तुम्हें सच बताना होगा। यह ठीक है न?”
राय इस मामले की एक प्रमुख अभियुक्त और मीडिया जगत की पूर्व हस्ती इंद्राणी मुखर्जी का ड्राइवर रह चुका है। राय को वर्ष 2015 के अगस्त में गिरफ्तार किया गया था। अब वह अभियुक्त नहीं है और अभियोजन पक्ष का गवाह बन चुका है।
इससे पहले मई में राय ने अदालत में दो पृष्ठों का पत्र लिखा था और माफी की मांग करते हुए इस सनसनीखेज मामले की पूरी सच्चाई का खुलासा करते हुए सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई थी।
इंद्राणी के पूर्व संबंध से पैदा हुई बेटी शीना बोरा की 24 अप्रैल, 2012 को गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। उसके शव को दूसरे दिन सुबह रायगढ़ जिले के गागोडे गांव के पास जंगल में जलाकर फेंक दिया गया था।
इस हत्या के सिलसिले में इंद्राणी के अलावा उसके पूर्व पति संजीव खन्ना, उसके मौजूदा पति और पूर्व मीडिया उद्योगपति पीटर मुखर्जी और राय को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला तब सामने आया था, जब राय को पिछले साल अवैध रूप से हथियार रखने के मामले में खार की पुलिस ने पकड़ा था। बाद में केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) ने राय को अपनी हिरासत में ले लिया था।
इस हत्या के मामले का खुलासा उसने 10 माह बाद किया और सरकारी गवाह बनने के बदले माफी देने की मांग की।
इस माह की शुरुआत में सीबीआई ने जवाब में कहा कि राय को सरकारी गवाह बनने पर उसे कोई आपत्ति नहीं है।
अपनी गिरफ्तारी के बाद राय ने खार पुलिस और बाद में सीबीआई को बताया था कि शीना की हत्या किस तरह हुई, उसे कैसे जलाया गया और मुंबई से 100 किलोमीटर दूर एक सूटकेस में कैसे उसे बंद कर फेंका गया।
यह हत्या किस कारण से की गई, यह अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस हत्या का असली मकसद कहीं विदेश के बैंक खातों में जमा करीब 900 करोड़ रुपये का हस्तांतरण तो नहीं था। इसकी अभी जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath