ढाका, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अगवानी के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। बीते 30 वर्षो के दौरान चीन के राष्ट्रपति का यह पहला दौरा होगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति शी जिनपिंग दो दिवसीय दौरे पर 14 अक्टूबर को ढाका आ रहे हैं। इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने तथा दोनों देशों के बीच आर्थिक व व्यापारिक संबंधों की पूरी क्षमता के दोहन के लिए उपाय तलाशने की उम्मीद जताई जा रही है।
शी जिनपिंग के दौरे के दौरान मुख्य फोकस संपर्क तथा बुनियादी ढांचे से संबंधित परियोजनाओं पर होगा। इस दौरान, कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे।
चीनी नेता के सम्मान में राजधानी ढाका को बैनरों व तख्तियों से पहले ही सजाया-संवारा जा चुका है।
राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बांग्लादेश के राष्ट्रपति अब्दुल हामिद तथा प्रधानमंत्री शेख हसीना की तस्वीरें शहर की अधिकांश सड़कों पर लगाई गई हैं।
इन पोस्टरों में लिखा है, “चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का हार्दिक स्वागत है। बांग्लादेश-चीन की मित्रता जिंदाबाद।”
शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और महत्वपूर्ण इलाकों में सशस्त्र बल देखे जा सकते हैं।
बांग्लादेश के दौरे के बाद शी ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत जाएंगे। वे 17 अक्टूबर को वापस बीजिंग लौट जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath