कोलकाता, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की एक खाप पंचायत ने अवैध संबंध रखने की दोषी करार देते हुए सजा के तौर पर एक महिला का सिर मुंडवा दिया। राज्य पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
मामले में लिप्त होने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नौदा इलाके के चांदपुर गांव की 32 वर्षीय एक महिला पर अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए गांव की खाप पंचायत ने उस पर 6,000 रुपये का जुर्माना लगा दिया।
जिला पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “खाप पंचायत के सदस्यों ने कथित तौर पर महिला की पिटाई की और सजा के तौर पर उसके पति को उसके बाल काटने के लिए मजबूर किया।”
अधिकारी ने कहा, “हमने पीड़िता और उसके पति द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर इमादुल शेख और लिटन शेख नाम के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।”
महिला पर एक व्यक्ति के साथ भागने का आरोप लगाया गया था, जिससे वह हाल ही में मिली थी।
हालांकि, ग्रामीण दोनों को वापस ले आए और गांव के मुखिया ने अनाधिकारिक पंचायत में फैसला सुनाते हुए महिला को व्यभिचार की दोषी ठहराया और सजा के तौर पर उसके बाल कटवा दिए।
dharmpath.com dharmpath