बेंगलुरू, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा संस्करण में रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ 27 रन देकर तीन विकेट हासिल कर मुंबई इंडियंस की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले हरभजन सिंह ने कहा है कि शुरुआती ओवरों में प्रतिद्वंद्वी टीम के विकेट निकालना महत्वपूर्ण रहा।
मुंबई इंडियंस ने रविवार को रॉयल चैलेंजर्स को 18 रनों से हराकर आईपीएल के इस संस्करण में अपनी पहली जीत दर्ज की।
मैच के बाद हरभजन ने कहा, “मुझे खुशी है कि हम शुरुआत में ही महत्वपूर्ण विकेट हासिल करने में कामयाब रहे। उम्मीद है कि हम इस प्रदर्शन को आगे भी जारी रखेंगे।”
हरभजन का यह 100वां आईपीएल मैच रहा। इस बारे में पूछे जाने पर हरभजन ने कहा, “मैं इस उपलब्धि पर बेहद खुश हूं। टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना आपको और भी खुशी देता है।”
क्रिस गेल का विकेट हासिल करने के बारे में पूछे जाने पर हरभजन ने कहा, “निश्चत रूप से गेल हमारा लक्ष्य थे और हम नहीं चाहते थे कि वह सफल हो सकें। हमारी योजना कामयाब रही।”
dharmpath.com dharmpath