मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। चीन के शेयर बाजार में हुई भारी बिकवाली के कारण दुनिया भर में शेयर बाजारों में देखी जा रही गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजारों के एक प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में दोपहर के कारोबार में 1500 अंकों से अधिक गिरावट देखी गई।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स दोपहर करीब 3.20 बजे 5.73 फीसदी या 1569.31 अंकों की गिरावट के साथ 25,796.76 पर कारोबार करते देखा गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी लगभग इसी समय 5.91 फीसदी या 490.25 अंकों की गिरावट के साथ 7,809.70 पर कारोबार करते देखा गया।
विश्लेषकों के मुताबिक, शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में हुई भारी गिरावट, कमजोर वैश्विक रुझानों और न्यूनतम वैकल्पिक कर (एमएटी) पर केंद्र सरकार के रुख के कारण पैदा हुई चिंता से बाजार में गिरावट दर्ज की गई है।
dharmpath.com dharmpath