मुंबई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों में अगले सप्ताह प्रमुख आर्थिक आंकड़ों पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी।
इसके साथ ही वैश्विक संकेतों, विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) और घरेलू संस्थागत निवेश (डीआईआई) के आंकड़ों तथा डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल व तेल की कीमतों पर भी निवेशकों की नजर बनी रहेगी।
शेयर बाजार सोमवार को उपभोक्ता महंगाई दर और औद्योगिक उत्पादन संबंधी आंकड़े पर प्रतिक्रिया करेगा। ये आंकड़े शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद जारी हुए हैं।
देश के औद्योगिक उत्पादन में दिसंबर में साल-दर-साल आधार पर 1.3 फीसदी गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह नवंबर में दर्ज की गई 3.42 फीसदी गिरावट से थोड़ा बेहतर है। दिसंबर 2014 में उत्पादन 3.6 फीसदी बढ़ा था।
देश की उपभोक्ता महंगाई दर (सीपीआई) जनवरी 2016 में 5.69 फीसदी रही, जो दिसंबर 2015 में 5.61 फीसदी थी।
सरकार सोमवार 15 फरवरी को जनवरी महीने के लिए थोक महंगाई दर के आंकड़े जारी करेगी। थोक महंगाई दर दिसंबर में नकारात्मक 0.73 फीसदी थी, जो नवंबर में नकारात्मक 1.99 फीसदी थी।
केंद्र सरकार 29 फरवरी को आगामी वित्तवर्ष के लिए आम बजट पेश करेगी, जिस पर निवेशक गंभीरता से नजर रखेंगे। संसद का बजट सत्र 23 फरवरी को शुरू हो रहा है और यह 13 मई को समाप्त होगा। इस बीच 17 मार्च से 24 अप्रैल तक सत्रावकाश रहेगा। रेल बजट 25 फरवरी को पेश होगा और आर्थिक समीक्षा 26 फरवरी को पेश होगी।
dharmpath.com dharmpath