वड़ोदरा, 28 जुलाई (आईएएनएस)। ऊर्जा प्रबन्धन एवं ऑटोमेशन क्षेत्र की वैश्विक कंपनी श्नाइडर इलेक्ट्रिक ने शुक्रवार को गुजरात के वड़ोदरा में 720 केडब्ल्यूपी (किलोवाटपीक) क्षमता के सोलर पावर प्रोजेक्ट की शुरुआत की घोषणा की।
यह श्नाइडर इलेक्ट्रिक द्वारा भारत में शुरू की गई दूसरी सौर परियोजना है। 2015 में कम्पनी ने अपनी बैंगलोर युनिट में 120 केडब्ल्यूपी क्षमता का सौर पावर प्लान्ट इन्सटॉल किया था।
कंपनी ने बताया कि यह सौर परियोजना सालाना 10.5 लाख युनिट बिजली का उत्पादन करेगी, जिससे बिजली की लागत में सालाना 20-25 फीसदी की कमी आएगी। साथ ही इससे कार्बन डाईऑक्साईड के उत्सर्जन में भी 1018 टन सालाना कमी लाएगी, जो 50,000 पेड़ लगाने के समकक्ष है।
श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया में सोलर बिजनेस के उपाध्यक्ष (सोलर एण्ड एनर्जी स्टोरेज) अनुराग गर्ग ने कहा, “वड़ोदरा में हमारी सौर पॉवर परियोजना हरित एवं स्वच्छ वातावरण को प्रोत्साहित करेगी।”
श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया के ग्लोबल सप्लाई चेन के उपाध्यक्ष विवेक सरवाते ने कहा, “कार्बन फुटप्रिन्ट कम करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा सभी चर्चाओं का केन्द्रबिन्दु बन गई है, इसी के मद्देनजर श्नाइडर इलेक्ट्रिक सौर ऊर्जा में अपनी विशेषज्ञता के साथ सरकार के मिशन में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
dharmpath.com dharmpath