गुजरात कांग्रेस के 3 और विधायकों का इस्तीफा (लीड-2)

गांधीनगर, 28 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात कांग्रेस को शुक्रवार एक और झटका तब लगा, जब उसके तीन अन्य विधायकों ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

कांग्रेस के दो विधायकों -वांसदा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चन्नाभाई चौधरी और बालासिनोर के मानसिंह चौहान- द्वारा विधानसभा अध्यक्ष रमनलाल वोरा को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद कांग्रेस के दिग्गज विधायक रामसिंह परमार ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

थासरा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक व अमूल डेयरी के अध्यक्ष परमार ने कहा, “मैं हालांकि भाजपा में नहीं जाऊंगा।”

सूत्रों ने कहा कि एक और विधायक सी.के. रावलजी के भी इस्तीफा देने की संभावना है, जो शंकरसिंह वाघेला के करीबी माने जाते हैं।

इससे एक दिन पहले गुरुवार को तीन अन्य विधायक कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।

एक अन्य वरिष्ठ विधायक राघवजी पटेल ने शुक्रवार को कहा कि वह अन्य पांच विधायकों के साथ इस्तीफा देने की तैयारी कर रहे हैं।

सौराष्ट्र के जामनगर (ग्रामीण) निर्वाचन क्षेत्र के विधायक राघवजी पटेल ने कहा, “मैं भाजपा में जाना चाहता हूं और पांच अन्य भी हैं, जो इसकी तैयारी कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हम निराश हैं। किसी ने हमारी आवाज नहीं सुनी और न ही हमारे विचारों की ओर ध्यान दिया।”

चौधरी और चौहान अभी भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं, लेकिन इनकी भाजपा से जुड़ने की उम्मीद है।

पटेल, चौधरी और चौहान को विपक्षी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला का करीबी माना जाता है, जिन्होंने 21 जुलाई को अपने जन्मदिन पर विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा दे दिया था। वाघेला ने आरोप लगाया था कि उन्हें पार्टी से बाहर निकालने के लिए आतंरिक षड्यंत्र रचा गया था।

सिद्धपुर से विधायक बलवंत सिंह राजपूत, विरामगाम से विधायक तेजश्री पटेल, और वीजापुर के विधायक पी. आई. पटेल ने गुरुवार दोपहर अपना इस्तीफा सौंपा और वे भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा में शामिल होने के कुछ मिनटों के भीतर राजपूत को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बाद पार्टी के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493