तिरुवनंतपुरम, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के उप-कप्तान स्टार गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश को केरला स्पोर्ट्स काउंसिल ने मंगलवार को 2014-15 सत्र के लिए लेफ्टिनेंट कर्नल जी. वी. राजा अवार्ड से सम्मानित किया।
ट्रॉफी के अलावा श्रीजेश को तीन लाख रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
यह खेल क्षेत्र में दिया जाने वाला केरल का सर्वोच्च सम्मान है।
खेल मंत्री तिरुवंचूर राधाकृष्णन की अध्यक्षता में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने श्रीजेश को यह अवार्ड प्रदान किया।
श्रीजेश आस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 नवंबर से छत्तीसगढ़ में शुरू हो रही तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलेंगे और उसके बाद हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) फाइनल में हिस्सा लेंगे।
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद श्रीजेश ने कहा, “इस तरह के अवार्ड से सम्मानित होना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है। मैं केरला स्पोर्ट्स काउंसिल का मुझे इस अवार्ड के योग्य समझने के लिए आभारी हूं। उम्मीद है आगे भी अच्छा खेलता रहूंगा और राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहूंगा।”
पिछले सीजन में श्रीजेश दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पांच गोलकीपरों में नामांकित हुए थे।
dharmpath.com dharmpath