नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर और उपकप्तान पीआर श्रीजेश तथा महिला टीम की फारवर्ड रानी रामपाल को टाइम्स ऑफ इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड्स (टीओआईएसए ) समारोह में साल का श्रेष्ठ पुरुष एवं महिला हॉकी खिलाड़ी चुना गया।
गुड़गांव के ग्रैंड हयात होटल में गुरुवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में श्रीजेश और रानी को 2014 में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया।
केरल निवासी श्रीजेश ने 2004 में जूनियर नेशनल टीम से शुरुआत की और 2008 एशिया कप में श्रेष्ठ गोलकीपर चुने गए। भारत के लिए श्रीजेश पहली बार 2006 में खेले और 2011 से भारतीय टीम का अभिन्न अंग बने हुए हैं।
श्रीजेश ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ दो गोल बचाते हुए भारत को खिताब तक पहुंचाया था।
दूसरी ओर, भारतीय टीम का अभिन्न अंग बन चुकीं रानी को 2010 में एफआईएच ने साल का श्रेष्ठ युवा महिला खिलाड़ी चुना था। 2010 में रानी एफआईएच महिला विश्व कप की श्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं।
इसके अलावा रानी को 2010 में एफआईएच की ऑल स्टार्स टीम में जगह मिली।
हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने रानी और श्रीजेश को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
श्रीजेश ने इसे एक महान सम्मान करार दिया है। श्रीजेश ने कहा, “यह मेरे तथा टीम के लिए महान सम्मान है। मैं मेरी उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए टीओआईएसए का धन्यवाद करता हूं। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा।”
दूसरी ओर, रानी ने कहा कि वह खुश तथा उत्साहित हैं क्योंकि टीओआईएसए अवार्ड उनके लिए काफी मायने रखता है। इस सम्मान के साथ उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ी है और वह इस पर खरा उतरने का प्रयास करती रहेंगी।
dharmpath.com dharmpath