श्रीनगर, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में गोमांस पर प्रतिबंध के खिलाफ अलगाववादियों के प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन ने शनिवार को श्रीनगर के कुछ इलाकों में निषेधाज्ञा लगा दी है।
श्रीनगर के संवेदनशील इलाकों और कश्मीर घाटी के कई अन्य प्रमुख शहरों में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “श्रीनगर के सात पुलिस थाना क्षेत्रों रैनावारी, नौहट्टा, खानयार, एम.आर.गंज, सफा कदाल, क्रालखुद और मैसुमा में एहतियातन निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।”
वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं -सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और मुहम्मद यासिन मलिक- को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए घर में नजरबंद कर दिया गया है।
शनिवार को शहर की सभी दुकानें, शिक्षण संस्थान, सार्वजनिक परिवहन और अन्य कारोबार बंद रहे।
शहर में सार्वजनिक परिवहन की अनुपलब्धता के कारण सरकारी कार्यालयों, बैंकों, डाकघरों में कर्मचारियों की उपस्थिति काफी कम रही।
कश्मीर विश्वविद्यालय ने शनिवार को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी है।
बहरहाल, कश्मीर घाटी में अब तक किसी प्रकार की अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है।
dharmpath.com dharmpath