श्रीनगर में मुहर्रम जुलूस पर पाबंदी

श्रीनगर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राज्य में शिया मुहर्रम जुलूस को रोकने के लिए श्रीनगर के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग और बिजबेहड़ा कस्बों में कर्फ्यू लगाया गया है। प्रशासन ने यह जानकारी दी।

यहां बुधवार की झड़प के बाद तनाव बढ़ने की वजह से अबी गुजर और लाल चौक क्षेत्रों में पाबंदी लगाई गई है।

बिजबेहड़ा कस्बे में सुरक्षाबलों और पथराव कर रही भीड़ के बीच झड़प में नसीर अहमद डार (25) नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हमने शहर में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज (गुरुवार) मुहर्रम जुलूस पर पाबंदी लगाई है।”

वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं सैयद अली गिलानी और मीरवाइज उमर फारुख को यहां नजरबंद रखा गया है, जबकि मुहम्मद यासीन मलिक को एहतियातन बुधवार को ही हिरासत में ले लिया गया।

मलिक, डार का हालचाल पूछने गए थे, जो झड़प के दौरान घायल हो गया था। सुरक्षाबलों द्वारा छोड़ा गया आंसू गैस का गोला डार के सिर पर लगा था।

डार का इलाज कर रहे एक चिकित्सक ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, “ऑपरेशन के बाद मरीज को अस्पताल की केयर यूनिट में भर्ती कर दिया गया है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वह अभी खतरे से बाहर नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493