श्रीनगर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीनगर में गुरुवार सुबह मौसम सुहावना रहा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने दिन में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने यहां आईएएनएस को बताया, “आसमान दिनभर साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।”
मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। जम्मू शहर में रात में मौसम गर्म था। रात्रि तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम अधिकारी ने कहा, “अगले दो दिनों के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। हालांकि, राज्य में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।”
पहलगाम में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लद्दाख क्षेत्र के करगिल और लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से दो डिग्री और शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
वहीं, जम्मू क्षेत्र के बनिहाल में न्यूनतम तापमान सात डिग्री, बटोत कस्बे में 9.1 डिग्री और भद्रवाह कस्बे में 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू शहर में बुधवार रात मौसम गर्म रहा। रात में न्यूनतम तापमान बढ़कर 14.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
dharmpath.com dharmpath