श्रीनगर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के श्रीनगर और बडगाम में रविवार को होने वाले उप-चुनाव के मद्देनजर कड़े सुरक्षा इंतजामात किए गए हैं। इस बीच अधिकारियों ने बताया कि अलगाववादियों ने उप-चुनाव के बहिष्कार का आह्वान किया है।
श्रीनगर, बडगाम और गांदरबल जिलों में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के भारी दस्ते लगाए गए हैं।
शनिवार की शाम तक सभी निर्वाचन कर्मी मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं और सभी सुरक्षा उपकरण भी पहुंचा दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन कर्मियों के खाने और रहने के संपूर्ण इंतजाम हैं तथा निर्वाचन कर्मी मतदान केंद्रों पर ही रात गुजारेंगे।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शांतमनू ने शनिवार को कई मतदान केंद्रों का दौरा किया और हर तरह के इंतजामों का जायजा लिया।
शांतमनू ने निर्वाचन कर्मियों से मतदान को सफल, स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्धतापूर्वक काम करने के लिए कहा। शांतमनू और उनके साथ चुना इंतजाम की समीक्षा करने पहुंचे अधिकारियों ने निर्वाचन कर्मियों से बातचीत की और पूछा कि सारी सुविधाएं उन्हें मिल गई हैं या नहीं।
सुरक्षा अधिकारियों ने कलेक्शन सेंटर, मतदान केंद्रों की ओर जाते हुए सफर में और मतदान केंद्रों पर निर्वाचन कर्मियों को प्रदान की जाने वाली सुरक्षा का ब्योरा बताया।
शांतमनू ने सभी अधिकारियों को प्रक्रिया के अनुरूप काम करने के लिए कहा ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान कोई परेशानी न हो, साथ ही निर्वाचन कर्मियों को भी अपनी ड्यूटी निभाने में कोई समस्या न आए।
अलगाववादियों द्वारा उप-चुनाव का बहिष्कार किए जाने को देखते हुए सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारुक, मोहम्मद यासीन मलिक, शबीर अहमद शाह और नईम खान सहित सभी वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है, ताकि वे मतदान के दौरान किसी तरह की बाधा न पहुंचा सकें।
सुरक्षा के लिहाज से सभी मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील और संवेदनशील घोषित किया गया है।
राज्य में सत्तारूढ़ पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की ओर से नजीर अहमद खान खड़े हैं, जिनके सामने पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला मुख्य चुनौती होंगे। फारुक नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार हैं।
मतगणना 15 अप्रैल को होगी।
dharmpath.com dharmpath