श्रीनगर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को श्रीनगर संसदीय सीट के 38 मतदान केंद्रों पर गुरुवार को दोबारा मतदान कराने की घोषणा की है।
श्रीनगर-बडगाम सीट पर रविवार को उप-चुनाव के तहत हुए मतदान के दौरान व्यापक हिंसा भड़क उठी थी और भीड़ ने 100 के करीब मतदान केंद्रों पर तोड़फोड़ की थी।
हिंसा के चलते मतदान बुरी तरह प्रभावित हुआ था और सिर्फ सात फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शांतमनु ने यहां पत्रकारों से कहा, “भारत निर्वाचन आयोग ने 38 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का फैसला किया है। अब इन 38 मतदान केंद्रों पर 13 अप्रैल को फिर से मतदान होगा।”
रविवार को चुनावी हिंसा के दौरान पुलिस की गोलीबारी में आठ नागरिकों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
घाटी में फिर से पनपी हिंसा के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने सोमवार को अनंतनाग संसदीय सीट पर बुधवार को होने वाले मतदान को भी स्थगित कर दिया है। अब अनंतनाग सीट पर 25 मई को मतदान होगा।
आयोग ने अनंतनाग संसदीय चुनाव स्थगित करते हुए कहा, “आयोग उम्मीद करता है कि तब तक इलाके में कानून-व्यवस्था में सुधार हो जाएगा और स्वतंत्र तथा निष्पक्ष मतदान के माकूल माहौल बनेगा।”
dharmpath.com dharmpath