श्रीलंकाई टीम का क्षेत्ररक्षण एशिया में सबसे खराब : कोच जयरत्ने

कोलंबो, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट टीम के नवनियुक्त अंतरिम कोच जेरोम जयरत्ने ने शनिवार को कहा कि उनकी टीम का क्षेत्ररक्षण इस समय एशिया में सबसे खराब है।

जयरत्ने ने इसके पीछे फिटनेस की कमी को मुख्य कारण बताया।

समाचार पत्र ‘द नेशन’ ने शनिवार को जयरत्ने के हवाले से कहा, “इस समय हम एशिया में सबसे खराब क्षेत्ररक्षण वाली टीम हैं। हम कभी भी इस मामले में पाकिस्तान से पीछे नहीं रहे, लेकिन हम उनसे भी पिछड़ गए। भारत ने साबित किया कि वो हमसे बेहतर हैं और यहां तक कि बांग्लादेश भी हमसे बेहतर क्षेत्ररक्षण कर रहा है।”

पिछले महीने टीम के कोच का पदभार संभालने वाले जयरत्ने ने यह स्वीकार किया कि इस समय श्रीलंकाई टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी में भी बुरे दौर में है।

जयरत्ने ने कहा, “टीम को एकजुट करने वाली गेंदबाजी के अलावा बल्लेबाजी, क्षेत्ररक्षण और फिटनेस के कारण हमारा स्तर गिरा है। फिटनेस का मानक स्तर हासिल करने के लिए बहुत कुछ किया जाना है।”

जयरत्ने ने हालांकि नवनियुक्त ट्रेनर माइकल मेन को लेकर विश्वास व्यक्त किया है और उम्मीद व्यक्त की है कि मेन खिलाड़ियों की फिटनेस जल्द ही स्तरीय कर देंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493