नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत ने शनिवार को अपने नागरिकों को श्रीलंका की अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी। सरकार की ओर यह सलाह श्रीलंका में बीते रविवार को हुए आंतकी हमले के मद्देजनर दी गई है।
विदेश मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा, “श्रीलंका में 21 अप्रैल 2019 को हुए आतंकी हमले के बाद की सुरक्षा की स्थिति के मद्देनजर भारतीय नागरिकों को श्रीलंका की अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है।”
मंत्रालय ने कहा, “श्रीलंका सरकार ने देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। देशभर में आपातकाल घोषित किया गया जिसमें रात के समय कर्फ्यू जारी है। इससे भी श्रीलंका की यात्रा प्रभावित हो सकती है।”
श्रीलंका में ईस्टर के अवसर पर रविवार को कई बम धमाके हुए जिनमें 253 लोगों की जानें गईं और 500 से अधिक लोग घायल हो गए। श्रीलंका में गृहयुद्ध समाप्त होने के एक दशक बाद की ये सबसे घातक हमले थे।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बीती रात गोलीबारी में 15 लोगों की मौत हो गई जिनमें छह बच्चे शामिल हैं। यह गोलीबारी तब हुई जब सुरक्षा बल संदिग्ध आतंकियों के एक ठिकाने की तलाशी ले रहा था।
भारत की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि अगर किसी को आवश्यक या आपातकालीन स्थिति में श्रीलंका की यात्रा करनी हो तो वे कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग या कैंडी स्थित सहायक उच्चायोग या हंबनटोटा और जाफना स्थित वाणिज्य दूतावास से किसी भी प्रकार सहायता की के लिए संपर्क कर सकता है।
dharmpath.com dharmpath