श्रीलंका में डेंगू के खिलाफ जंग शुरू

कोलंबो, 3 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीलंका प्रशासन ने इस साल प्रथम छह महीने में डेंगू के 20,000 से ज्यादा संदिग्ध मामलों की खबरों के बीच, देश से डेंगू खत्म करने के लिए इस सप्ताह एक अभियान शुरू किया है।

समाचार एजेंसी ‘एफे’ के मुताबिक, श्रीलंका के स्वास्थ्य विभाग से मिले आधिकारिक आंकड़े के अनुसार, इस साल अब तक डेंगू के 20,954 संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं।

इनमें से 46 प्रतिशत से ज्यादा मामले कोलंबो, गंफा और कालुत्रा जिलों सहित पश्चिमी प्रांत में सामने आए हैं।

हाल ही में हुई बारिश के कारण डेंगू फैलाने वाले एडीस मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल स्थिति पैदा हो गई है। विशेषज्ञों को डर है कि इससे स्थिति अधिक खराब हो सकती है।

इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस, सेना और स्वास्थ्य प्रशासन ने इस सप्ताह एक अभियान शुरू किया था, जिसका लक्ष्य मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल स्थिति को समाप्त करना, लोगों को इस रोग के बारे में शिक्षित करना और मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल माहौल बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना शामिल है।

डेंगू से सर्वाधिक प्रभावित राजधानी कोलंबो में अधिकारी सड़कों, बसों और कचरे के मैदानों में मच्छरों को दूर करने के लिए धुंआ करते दिखाई दिए।

पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने घरों, सरकारी इमारतों और खाली पड़ी जमीनों का निरीक्षण भी किया।

मच्छरों के प्रसार के अनुकूल स्थिति पैदा करने के दोषी 139 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए गुरुवार से कदम उठाए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अन्य 853 लोगों को भी इस मामले में नोटिस जारी किए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493