नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के मार्गदर्शक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत 10 जुलाई को दक्षिणी दिल्ली के असोला (फतेहपुरबेरी) स्थित शनिधाम पहुंचेंगे, जहां वह 21वें कन्या भ्रूण संरक्षण दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
शनिधाम के पीठाधीश्वर दाती महाराज की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस बार ‘कन्या भ्रूण संरक्षण दिवस’ को नया आयाम मिलेगा। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनोर और हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान सहित कई केंद्रीय मंत्री और सांसद अपनी उपस्थित दर्ज कराएंगे।
दाती महाराज का दावा है कि उन्होंने बीस साल पहले राजस्थान के पाली जिले में कन्या भ्रूण संरक्षण की शुरुआत की थी। वहां यह अभियान बहुत ही सफल रहा। वहां बालिकाओं की संख्या बालकों से ज्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि पिछले साल यहां बालिकाओं की संख्या 800 थी जो इस साल बढ़कर एक हजार हो गई है।
dharmpath.com dharmpath