संयुक्त राष्ट्र/लंदन, 13 जून (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने रविवार को अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के ऑरलैंडो में हुए भयानक हमले की निंदा की, जिसमें 50 लोगों की मौत हो गई और 53 अन्य घायल हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, “महासचिव बान ने पीड़ितों के परिवार वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हम अमेरिकी सरकार और लोगों के साथ हैं।”
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने गोलीबारी की घटना पर दुख व्यक्त किया।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैं ऑरलैंडो में रात में हुई गोलीबारी की इस घटना से व्यथित हूं। मेरी संवेदना पीड़ितों और उनके परिवार वालों के साथ है।”
विदेशी एवं राष्ट्रमंडल मामलों के सचिव फिलिप हैमंड ने भी ट्वीट कर कहा, “ऑरलैंडो में गोलीबारी की घटना से अचंभित हूं। विदेश एवं राष्ट्रमंडल कार्यालय स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है। हमारी संवेदना पीड़ितों एवं उनके परिवार वालों के साथ हैं।”
गौरतलब है कि रविवार को ऑरलैंडो के समलैंगिक नाइटक्लब में एक बंदूकधारी ने 50 लोगों को मार गिराया। यह अमेरिका के इतिहास का सबसे जघन्य गोलीकांड है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है।
आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से संबद्ध समाचार एजेंसी ‘अमाक’ का कहना है कि इस हमले को आईएस के लड़ाके ने अंजाम दिया है।
dharmpath.com dharmpath