इस्लामाबाद, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने मंगलवार को सऊदी अरब में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए अंतर्राष्ट्रीय आतंकरोधी प्रतिक्रिया का आग्रह किया। हमले में कम से कम चार सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
शरीफ ने कहा, “पाक जमीं पर आतंकी हमले को लेकर सरकार और पाकिस्तान की जनता गहरे सदमे व दुख में है और सऊदी अरब के भाइयों की पीड़ा और शोक में साझेदार है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, “आत्मघाती हमलावर जिसने सऊदी अरब के शहर मदीना में मुहम्मद साहब की मस्जिद के पास सोमवार रात विस्फोट किया, उस विस्फोट में चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हैं।”
हमला करने वाले ने मदीना के पश्चिम की ओर बड़ी मस्जिद के पास आपात सुरक्षा बलों के वाहनों की पार्किं ग वाले स्थान पर रात में तब विस्फोट किया था, जब पुलिसकर्मी अपना रोजा खोल रहे थे।
सऊदी अरब के गृहमंत्री ने मंगलवार सुबह कहा था कि आत्मघाती हमला करने वाला अब्दुल वकार खान पाकिस्तानी नागरिक था।
मंत्रालय ने कहा कि वह पत्नी और सास-ससुर के साथ पिछले 12 वर्षो से जेद्दा में रहता था और वाहन चलाने का काम करता था।
सऊदी अरब के अधिकारियों ने विस्फोट करने वाले का परिचय-पत्र भी जारी किया है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने जोर दिया है कि इस नाजुक अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को खासकर मुसलमानों को एकजुटता दिखाने की जरूरत है, ताकि इस्लामी देशों एवं मानवता के दुश्मनों के घृणित मंसूबे को नाकाम किया जा सके।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमें आतंकवाद की बुराई से लड़ने के लिए सामूहिक प्रयास को दोबारा शुरू करने की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि आतंकवाद के हर काम के खिलाफ पाकिस्तान का रुख दृढ़ है।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख राहील शरीफ ने सऊदी अरब के रक्षामंत्री मुहम्मद बिन सलमान से बात की और आतंकी हमले की निंदा की।
सेना प्रमुख ने अपने संदेश में कहा है, “हम अपने सऊदी अरब के भाइयों के साथ आतंकवाद की बुराई के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई में साथ हैं।”
dharmpath.com dharmpath